रायपुर , फरवरी 03 -- केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के तीव्र और अभूतपूर्व विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आज आभार व्यक्त किया है।

राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और रेलमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में रेलवे क्षेत्र में व्यापक और संरचनात्मक परिवर्तन हुआ है। इससे राज्य की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास तथा यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

राज्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2009-14 के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए वार्षिक रेलवे बजट 311 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर वर्ष 2026-27 में 7,470 करोड़ रुपये हो गया है। यह लगभग 24 गुना वृद्धि केन्द्र सरकार की छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 51,080 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं। इन परियोजनाओं में नई रेल लाइनों का निर्माण, ट्रैक दोहरीकरण, स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। इस योजना के तहत 1,674 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। अब तक डोंगरगढ़ (चरण-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा रेलवे स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित