जशपुर , दिसंबर 19 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सत्तारूढ़ भाजपा की ही विधायक रायमुनी भगत सन्ना थाना क्षेत्र में बेशकीमती सरकारी जमीन पर कथित अवैध निर्माण के विरोध में अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ बगीचा-जशपुर मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी हुई। सूचना मिलने पर वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए। धरना स्थल पर विधायक रायमुनी भगत ने अधिकारियों पर भू-माफियाओं के खिलाफ नरमी बरतने और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक अवैध कब्जे पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और जिम्मेदार अधिकारियों पर गाज नहीं गिरती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित