रायपुर , दिसंबर 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में बाइक खरीदने और पैसों को लेकर हुए झगड़े में एक बेटे ने अपने पिता पर हंसिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक संतोष साहू अपने बेटे राहुल साहू से अक्सर शराब पीने के लिए पैसों की मांग करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। हाल ही में बेटे ने अपने लिए एक सेकंड हैंड बाइक खरीदी थी जिससे नाराज होकर पिता ने बाइक में तोड़फोड़ कर दी।

घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। काम से लौटने के बाद बाइक क्षतिग्रस्त देख बेटे और पिता के बीच कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आकर बेटे ने घर में रखे हंसिया से पिता के पीठ, सीने और पेट पर कई वार कर दिए। हमले में संतोष साहू लहुलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित