जशपुर , दिसंबर 05 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस को ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस ने चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत गौ तस्करी के एक प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिवचरण यादव को गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले से गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शिवचरण अक्टूबर में पिकअप से गौ वंशों की अवैध ढुलाई करते हुए पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुक्रवार को मिली जानकारी के मुताबिक चौकी कोतबा पुलिस को 15 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि भारी संख्या में गौ वंशों को एक सफेद पिकअप में भरकर झारखंड ले जाया जा रहा है। पुलिस ने ग्राम ऊपरघीचा मार्ग पर नाकेबंदी की थी लेकिन संदिग्ध पिकअप वाहन चालक पुलिस को देखकर तेजी से भाग निकला था। पीछा करने पर बीच रास्ते एक अन्य बालेरो वाहन ने पुलिस गाड़ी को अवरुद्ध कर तस्करों को भागने में मदद की थी। पुलिस ने बोलेरो में सवार जगदीश सिदार, सौरभ रवानी और दिलीप सिदार को हिरासत में लिया था।
पूछताछ में तीनों ने तस्करी के तथ्य को स्वीकार किया था, जिसके बाद पुलिस ने ग्राम कटंगखार के जंगलों से आठ गौ वंशों को बरामद किया और मौके से लोचन सिदार नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत प्रकरण दर्ज कर जेल भेजा गया था। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फरार पिकअप वाहन चालक एवं मुख्य आरोपी शिवचरण यादव की पहचान भी कर ली थी।
फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। तकनीकी टीम एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से जानकारी मिली कि शिवचरण अपने गृह ग्राम कडारी (थाना बाराद्वार, जांजगीर-चांपा) में छिपा है। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित