रायपुर , मार्च 29 -- छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद खत्म हो गया है और राज्य अब पूरी तरह भयमुक्त और शांत वातावरण की ओर बढ़ चुका है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग भी इस बदलाव पर खुशी जता रहे हैं और मान रहे हैं कि उन्होंने ऐसा परिदृश्य पहले कभी नहीं सोचा था।

श्री कश्यप ने कहा कि नक्सलवाद का सफाया केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में ही संभव हो पाया है।

उन्होंने मीडिया से चर्चा में लोकसभा में नक्सलवाद पर होने वाली चर्चा को लेकर कहा कि यह पूरे देश के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। कश्मीर से लेकर राम मंदिर तक कई उदाहरण सामने हैं और छत्तीसगढ़ भी लगभग 50 वर्षों की नक्सल पीड़ा से मुक्त हुआ है।

श्री कश्यप ने कांग्रेस द्वारा आदिवासी सलाहकार परिषद के गठन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक आदिवासी समाज के साथ अन्याय किया और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने आदिवासी समाज के विकास के लिए ठोस कार्य किए हैं और अब कांग्रेस को एहसास हो रहा है कि आदिवासी समाज उससे दूर हो चुका है।

इस बीच श्री कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ''मन की बात'' की 132वीं कड़ी भी सुनी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देशभर में हो रहे नवाचारों को सामने लाते हैं। इस बार के एपिसोड में छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जल संरक्षण के कार्यों का उल्लेख किया गया, जो राज्य के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि देश जल संसाधनों के मामले में समृद्ध है और सीमित संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित