रायपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए चावल वितरण, धान प्रबंधन और शराब नीति को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि सरकार "चावल उत्सव" के नाम पर केवल प्रोपोगंडा कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर राशन वितरण की स्थिति खराब है।
श्री बैज ने सोमवार को अपराह्न में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि सरकार तीन महीने का चावल एक साथ देकर उत्सव मनाने की तैयारी कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि आवश्यक चावल का 30 प्रतिशत भी राशन दुकानों तक नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि केवाईसी के नाम पर करीब 31 लाख उपभोक्ताओं के राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को पिछले पांच महीनों से राशन नहीं मिल रहा है। ऐसे में चावल उत्सव मनाना आम जनता के साथ मजाक है।
धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के संग्रहण केंद्रों में 20 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खुले में पड़ा हुआ है। बेमौसम बारिश के कारण कई स्थानों पर धान भीग चुका है और आगे भी नुकसान की आशंका बनी हुई है। उन्होंने पूछा कि यदि धान खराब होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि धान का उठाव जानबूझकर नहीं किया जा रहा और मिलरों को धान नहीं देकर भ्रष्टाचार की जमीन तैयार की जा रही है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास को लेकर श्री बैज ने सरकार को उसकी घोषणा याद दिलाई। उन्होंने कहा कि सरकार ने नक्सल मुक्त ग्राम पंचायतों को एक करोड़ रुपये देने का वादा किया था। 31 मार्च 2026 तक पूरे प्रदेश को नक्सल मुक्त मानने के बाद अब बस्तर संभाग के सभी सात जिलों सहित बलरामपुर, मोहला-मानपुर, खैरागढ़ और राजनांदगांव की प्रभावित पंचायतों को तत्काल राशि जारी की जानी चाहिए।
शराब नीति पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। श्री बैज ने कहा कि एक अप्रैल से नयी शराब नीति लागू हो चुकी है और सरकार ने इस वर्ष शराब से राजस्व बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने पूछा कि चुनाव के दौरान पूर्ण शराबबंदी का वादा करने वाली भाजपा अब इस मुद्दे पर चुप क्यों है। उनके अनुसार सरकार शराब की खपत बढ़ाने और दुकानों की संख्या बढ़ाने में लगी है, जबकि शराबबंदी पर कोई स्पष्ट नीति सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित