रायपुर , नवंबर 19 -- छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का दौर तेज़ हो गया है। पांचवें दिन यानी 19 नवंबर को किसानों से सात लाख 11 हजार 335 क्विंटल धान खरीदा गया।
गत 15 से 19 नवंबर के बीच कुल खरीदी 14 लाख 54 हजार 451 क्विंटल तक पहुँच गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर किसानों को भुगतान भी शुरू हो गया है। मार्कफेड ने अपेक्स बैंक को 214.18 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जबकि धान खरीदी भुगतान के लिए सरकार पहले ही 26,200 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी दे चुकी है। सभी उपार्जन केन्द्रों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा गया है और अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
बाहरी धान की आवक रोकने के लिए चेकपोस्ट पर सख्ती बरती जा रही है। अब तक अवैध परिवहन और संग्रहण के 373 मामले पकड़े गए हैं और 25 हजार 567 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
आज सभी जिलों में कुल 7,11,353 क्विंटल धान की खरीदी हुई। मैदानी जिलों में आवक विशेष रूप से तेज रही। बालोद, बेमेतरा, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर जिलों में खरीदी बढ़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित