रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है, हालांकि उसके बाद तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में 16.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग द्वारा आज जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में शुष्क मौसम बना हुआ है और अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि 13 मार्च को बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
राजधानी रायपुर में 12 मार्च को हल्की धुंध रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप और गर्मी के मद्देनजर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित