रायपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में डीएड अभ्यर्थियों ने अपनी लंबित नियुक्ति की मांग को लेकर सोमवार को एक अनोखा और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्रियों के समक्ष दंडवत प्रणाम करते हुए पूजा-अर्चना एवं आरती कर शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि वे पिछले 104 दिनों से 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। उनका कहना है कि लगातार धरना, आमरण अनशन और शांतिपूर्ण विरोध के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने के बावजूद उन पर झूठे प्रकरण दर्ज किए गए और तीन बार केन्द्रीय जेल भेजा गया, इसके बावजूद उनका मनोबल नहीं टूटा है।

इसी क्रम में आज अभ्यर्थियों ने लोकतांत्रिक और अहिंसात्मक तरीके से अपनी मांगों को रखने के लिए दंडवत प्रणाम कर पूजा-पाठ का मार्ग अपनाया। उनका कहना है कि यह विरोध किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि शासन को जागृत करने का प्रतीकात्मक प्रयास है।

अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से अपील की है कि वे मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लें, ताकि हजारों परिवारों को राहत मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित