रायपुर , दिसंबर 29 -- छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर द्वारा जारी आज की ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ अलग-अलग इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान शीत लहर की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 0.3 और 1.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में दर्ज तापमान के अनुसार जगदलपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बिलासपुर, पेंड्रा रोड, दुर्ग और राजनांदगांव में भी ठंड का असर देखने को मिला है।

मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। रायपुर में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित