दुर्ग , दिसंबर 25 -- बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गुरुवार को भिलाई में घोषणा की कि वह जल्द ही छत्तीसगढ़ में पदयात्रा निकालेंगे। हालांकि पदयात्रा की तिथि अभी तय नहीं की गई है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी औपचारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी। भिलाई में आयोजित हनुमंत कथा से पूर्व गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने प्रदेश और देश से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वे हनुमान जी की भक्ति का प्रचार कर रहे हैं और राष्ट्र के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को हिंदुओं को जोड़ना, हनुमान जी की भक्ति का प्रचार और राष्ट्रवाद के प्रति जागरूकता अंधविश्वास लगती है, तो उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए।

वक्फ बोर्ड के बढ़ते दायरे को लेकर उन्होंने बयान देते हुए कहा कि देश में सनातन बोर्ड की स्थापना होनी चाहिए। यदि सनातन बोर्ड की स्थापना नहीं होती है, तो वक्फ बोर्ड को बंद किया जाना बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लिए समान व्यवस्था होनी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जो लोग राष्ट्र और आस्था के प्रति जागरूकता को अंधविश्वास बताते हैं, वे देश की भावना को नहीं समझते। उन्होंने धर्मांतरण के मुद्दे पर भी चिंता जताई और कहा कि यह एक गंभीर विषय है, जिस पर समाज को जागरूक होने की जरूरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित