एमसीबी , मार्च 19 -- छत्तीसगढ में राजस्व संग्रह बढ़ाने के उद्देश्य से पंजीयन विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है।
कार्यालय महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक द्वारा जारी आदेश के अनुसार मार्च के अंत तक कुछ शासकीय अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे और नियमित रूप से पंजीयन कार्य संपादित किए जाएंगे।
जिला जन संपर्क अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के समापन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि अधिक से अधिक पंजीयन कार्य हो सके और राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। आदेश के तहत 22 मार्च, 28 मार्च, 29 मार्च और 31 मार्च को भी पंजीयन कार्यालय खुले रखे जाएंगे।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन अवकाश दिनों में न केवल पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे, बल्कि बैंकों में भी 31 मार्च तक शासकीय लेनदेन जारी रखा जाएगा। इसके लिए जिला पंजीयक, कोषालय अधिकारी एवं भारतीय स्टेट बैंक सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के लिए कहा गया है।
इस फैसले से आम नागरिकों, खरीदारों और विक्रेताओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। अक्सर छुट्टियों के कारण रजिस्ट्री कार्य प्रभावित होता था लेकिन अब लोग अवकाश के दिनों में भी आसानी से अपने पंजीयन कार्य करा सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित