रायपुर , मार्च 14 -- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और गैस आपूर्ति को लेकर लोगों की चिंताओं के बीच छत्तीसगढ़ में प्रशासन ने एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है।

शनिवार को राज्य के विभिन्न जिलों में खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए 102 स्थानों पर छापेमारी की और कुल 741 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए।

अधिकारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण गैस की संभावित कमी और कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका के बीच कुछ व्यापारियों द्वारा सिलेंडरों का अवैध भंडारण किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी के आधार पर कई जिलों में अचानक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच के दौरान गोदामों, दुकानों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर बड़ी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से जमा पाए गए।

कार्रवाई के दौरान राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा सिलेंडर बरामद हुए। यहां विभिन्न स्थानों पर जांच के दौरान 392 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। इसके बाद बिलासपुर जिले में 130 सिलेंडर पकड़े गए। अधिकारियों ने बताया कि कई वेयरहाउस और स्टोरेज पॉइंट्स की भी गहन जांच की गई, जहां जमाखोरी की आशंका थी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, अवैध भंडारण या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं एलपीजी सिलेंडरों की संदिग्ध बिक्री या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी से बाजार में कृत्रिम कमी पैदा होती है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। इसलिए ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित