रायपुर , अप्रैल 24 -- ) छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी और तीखी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद लगभग दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव के आसार नहीं हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 24 से 27 अप्रैल के बीच प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को खासकर अपराह्न के समय सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में दो प्रमुख मौसमी तंत्र सक्रिय हैं, जिनका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। एक ट्रफ रेखा पूर्व विदर्भ से दक्षिण भारत के कोमोरिन क्षेत्र तक विस्तारित है, जो तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु से होकर गुजर रही है। वहीं दूसरी ट्रफ उत्तर-पूर्व बांग्लादेश से ओडिशा के उत्तरी भाग तक बनी हुई है।

वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में लू का प्रभाव बना रह सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

रायपुर में लू स्थिति बनने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित