रायपुर , दिसंबर 10 -- छत्तीसगढ़ में ठंड ने इस हफ्ते अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड जारी रहेगी। कई जिलों में शीतलहर की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा संभाग में तापमान लगातार गिर रहा है। विशेषकर अंबिकापुर और मैनपाट में स्थिति बर्फ जमने जैसी स्थिति दिखी गयी है, जहां न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रायपुर के माना एयरपोर्ट में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है, जिससे देर रात चलने वाली बर्फीली हवा लोगों को कंपकंपा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि आने वाले दिनों में रात में ठंड और बढ़ेगी। अगर पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश तक नहीं पहुंचा, तो दिसंबर का दूसरा सप्ताह तापमान में और गिरावट आ सकती है। राज्य के मुख्य शहरों में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा। रायपुर में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस, अधिकतम 29.8 डिग्री सेल्सियस, माना में न्यूनतम 8.4 और अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 10.4 और 29.0 डिग्री सेल्सियस, पेंड्रा में 10.6 और 26.0 डिग्री सेल्सियस, अंबिकापुर में 5.3 और 26.7 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 9.9 और 29.2 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस, और अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज न्यूतनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में शीतलहर अलर्ट जारी किया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडाई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा में शीतलहर के चलते अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, सरगुजा, रायपुर और दुर्ग के कुछ हिस्सों में तीव्र शीतलहर चलने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित