रायपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समाधान में देरी पर नाराजगी जताते हुए एक बार फिर आंदोलन की राह अपनाने के संकेत दिये हैं।
इस संबंध में 12 अप्रैल को रायपुर के आमापारा क्षेत्र में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें राज्यभर से कर्मचारी प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी भाग लेंगे।
इस बैठक में नियमितीकरण, ग्रेड पे, अनुकम्पा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति और चिकित्सा अवकाश समेत विभिन्न मुद्दों पर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, आगामी रणनीति और आंदोलन की दिशा पर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारियों ने पूर्व में अपनी मांगों को लेकर एक माह से अधिक समय तक कार्य बहिष्कार किया था। उस दौरान शासन की ओर से आश्वासन मिलने पर आंदोलन स्थगित किया गया था और मांगों के समाधान के लिए एक समिति भी गठित की गयी थी। अब तक ठोस परिणाम सामने नहीं आने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ा है। एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारी प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्यढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये कर्मचारी उप स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों तक अपनी सेवायें प्रदान कर रहे हैं।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित बैठक में सभी जिलों से प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी और सामूहिक निर्णय के आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। साथ ही, संविदा कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर पूर्व में किये गये वादों और घोषणाओं की समीक्षा भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित