रायपुर , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ सहित देशभर में एक मार्च से सात मार्च तक 'जन औषधि सप्ताह' मनाया जाएगा। सात मार्च को 'जन औषधि दिवस' के रूप में इसका समापन होगा। इस वर्ष समारोह की थीम "जन औषधि - सस्ती भी, भरोसेमंद भी" निर्धारित की गई है। यह थीम प्रत्येक नागरिक को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने की केन्द्र सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

सप्ताह भर के कार्यक्रमों का आयोजन पीएमबीआई द्वारा, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषधि विभाग के अंतर्गत, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के तहत किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में सप्ताह भर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य जन औषधि केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं के लाभों के प्रति आमजन को जागरूक करना है। एक मार्च से पांच मार्च तक राज्य के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें जिला चिकित्सालय जशपुर, जिला चिकित्सालय बिलासपुर, बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), दुर्ग के चयनित वार्ड क्षेत्र तथा महासमुंद, रायपुर और राजनांदगांव में आयोजित शिविर शामिल हैं। इन शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं किफायती जन औषधि दवाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।

छह मार्च को रायपुर में जन औषधि पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इस पदयात्रा का उद्देश्य आम नागरिकों को जन औषधि केंद्रों से सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं खरीदने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही यह पहल लोगों को लागत प्रभावी उपचार विकल्प अपनाने और स्वास्थ्य व्यय में कमी लाने के प्रति जागरूक करेगी।

सात मार्च को रायपुर में आठवां जन औषधि दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, अधिकारी एवं लाभार्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान जन औषधि केंद्रों की उपलब्धियों को रेखांकित किया जाएगा तथा लाभार्थियों की सफलता की कहानियों के माध्यम से जेनेरिक दवाओं से हुई बचत को प्रदर्शित किया जाएगा।

गौरतलब है कि केन्द्र सरकार सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण दवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित