रायपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में लंबे समय से लंबित उत्कृष्ट खिलाड़ी चयन प्रक्रिया में राज्य सरकार ने अब तेजी लाते हुए जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिए जाने के संकेत दिये हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया है कि पात्र खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरणमें है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की जाएगी और उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
हाल ही में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पदक विजेता खिलाड़ियों के प्रतिनिधिमंडल ने नया रायपुर स्थित मंत्री निवास में मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खिलाड़ी सूची जारी करने में हो रही देरी और राज्य स्तरीय खेल अलंकरण समारोह आयोजित करने की मांग प्रमुखता से उठायी।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग में भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। बैठक में खेल सचिव यशवंत कुमार, उपसंचालक रश्मि ठाकुर, रवि अग्रवाल सहित जिला खेल अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि चयन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही सूची सार्वजनिक की जाएगी।
बैठक के दौरान खिलाड़ियों से जुड़े आयु संबंधी मामलों (ओवर एज) पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिस पर विभाग ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि प्रदेश के कई प्रतिभावान खिलाड़ी रोजगार के अभाव में कठिन परिस्थितियों का सामना कररहे हैं। ऐसे में सरकार की सक्रियता से खिलाड़ियों में उम्मीद जगी है कि उन्हें शीघ्र ही उनके योगदान के अनुरूप अवसर और सम्मान प्राप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित