रायपुर, जनवरी 29 -- छत्तीसगढ़़ में आम आदमी पार्टी में बड़ा फेरबदल हुआ है, जिससे नाराज होकर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष गोपाल साहू ने इस्तीफा दे दिया है।

आप ने श्री साहू को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाकर उन्हें अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) इकाई की जिम्मेदारी सौंप थी, लेकिन इस नयी भूमिका को स्वीकार करने के बजाय श्री साहू ने पार्टी से ही इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है, लेकिन उनके इस्तीफे के पुष्टि होना बाकी है। सूत्रों के अनुसार श्री साहू की जगह पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।

पार्टी की केंद्रीय समिति की ओर से अपराह्न में श्री जायसवाल के नाम एक पत्र जारी किया गया था। इस पत्र में श्री साहू के पद परिवर्तन की जानकारी दी गई थी। पत्र के अनुसार, श्री साहू को छत्तीसगढ़ के लिए ओबीसी इकाई का अध्यक्ष बनाया गया था और प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनके योगदान की सराहना की गयी थी।

श्री साहू ने हालांकि इस नियुक्ति को एक तरह का पदावनति मानते हुए पार्टी से इस्तीफे का फैसला किया है। उनके इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित