रायपुर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जतायी है।

मौसम विभाग के गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार आने वाले समय में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की वर्षा, गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इससे मौसम में अस्थायी बदलाव देखने को मिल सकता है।

प्रदेश में दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर दर्ज किया गया है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 39.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल बड़े स्तर पर बदलाव नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर मौसम की गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गंगीय पश्चिम बंगाल से ओडिशा होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है, जिसके प्रभाव से मौसम में यह परिवर्तन देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जतायी गयी है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजधानी रायपुर में आज मौसम सामान्यतः साफ रहने की संभावना है, हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो दिनों में प्रदेश में मौसम की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित