रायपुर , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश तेजी से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। नक्सलवाद, जो कभी गंभीर चुनौती था, अब तेजी से समाप्ति की ओर अग्रसर है। प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य तीव्र गति से किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय शनिवार को जशपुर जिले के कोतबा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
श्री साय ने कार्यक्रम में लगभग 51.73 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कोतबा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन, तहसील लिंक कोर्ट की स्थापना, रेस्ट हाउस निर्माण, इंडोर स्टेडियम निर्माण, कोतबा जल आवर्धन योजना हेतु अतिरिक्त राशि, कोकियाखार में सामुदायिक भवन निर्माण तथा बागबहार में सप्ताह में एक दिन एसडीएम (लिंक कोर्ट) संचालन की घोषणा की।
लोकार्पण एवं भूमिपूजन किए गए कार्यों में प्रमुख रूप से 4.37 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का भूमिपूजन तथा 9.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जल आवर्धन योजना एवं प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियां पूरी कर दी गई हैं, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य की सिंचाई परियोजनाओं के मरम्मत एवं विकास हेतु लगभग 3 हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 750 सड़कों को मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभाएगा। वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य की श्रेणी में लाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। नई औद्योगिक नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और राज्य को अब तक 7.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 36वीं सब जूनियर राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को सम्मानित किया। साथ ही राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बेसरा, पूर्व विधायक भरत साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित