रायपुर , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के प्रख्यात होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी को लंदन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित समग्र चिकित्सा सम्मेलन 2026 में विशेष आमंत्रित प्रतिनिधि के रूप में शामिल होने का अवसर मिला है।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 10 अप्रैल को ब्रिटिश संसद भवन तथा 13 अप्रैल को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें नीति-निर्माता, संसद सदस्य, चिकित्सक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भाग लेंगे।
सम्मेलन में देश के प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. नीतीश दूबे सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रहेगी।
डॉ. त्रिवेदी का सफर एक छोटी क्लिनिक से शुरू होकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा है। उन्होंने अपने समर्पण और सेवा भाव से होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति को समाज में नई पहचान दिलाई है और हजारों मरीजों का सफल उपचार कर लोगों का विश्वास अर्जित किया है।
कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने लगातार मरीजों का उपचार किया और होम्योपैथी के माध्यम से लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसकी व्यापक सराहना हुई।
सम्मेलन में डॉ. त्रिवेदी होम्योपैथी की उपयोगिता, प्रभावशीलता और भारत में इसके महत्व को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
डॉ. त्रिवेदी की यह सफलता दर्शाती है कि छोटे शहरों से निकलकर भी वैश्विक पहचान बनाई जा सकती है, जो युवाओं और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित