सूरजपुर/जगदलपुर , फरवरी 11 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और जगदलपुर जिले में आज सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई। जगदलपुर में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का जवान सड़क हादसे का शिकार हो गया, वहीं सूरजपुर में दोपहिया वाहन पर सवार युवक की टक्कर में मौत हो गई है। सुरजपुर जिले के घायल का ईलाज वाड्रफ नगर में किया जा रहा है।
जगदलपुर जिले के थाना आसना क्षेत्र में बुधवार को एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार डीआरजी जवान को टक्कर मार दी। हादसे में जवान भरत भारती की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वह ड्यूटी से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें बचने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है। फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
वहीं दूसरी घटना सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र की है। यहां जगन्नाथपुर कोयला खदान मार्ग पर बोझा गांव के पास कोयले से लदे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान दोपहिया सवार पीछे बैठे युवक की ट्रक से टकराकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करते समय अचानक संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठा युवक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। गिरते ही उसके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया, जिसे वाड्रफनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रकों के कारण हादसे बढ़े हैं और प्रशासन को ठोस कदम उठाना चाहिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सूरजपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने वार्ता को बताया कि आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक और घायल की पहचान अभी बाकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित