कोरबा , फरवरी 01 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत कल रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।

मृतक के परिजनों ने युवक की पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार रजगामार निवासी 32 वर्षीय दिलेश्वर कुमार अपनी 30 वर्षीय पत्नी राजकुमारी, 12 वर्षीय पुत्र और 10 वर्षीय पुत्री के साथ पिछले सात वर्षों से रजगामार में निवास कर रहा था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले डेढ़ वर्ष से चरित्र शंका को लेकर विवाद चल रहा था।

लगातार विवाद के चलते करीब एक माह पूर्व दिलेश्वर अपने गृहग्राम नवागढ़ थाना क्षेत्र के हीरागढ़ गांव चला गया था। इसके बावजूद पति-पत्नी के बीच फोन पर बातचीत होती रही, जिसमें अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि राजकुमारी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग था और इसी कारण उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर दिलेश्वर को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। परिजनों का दावा है कि मृतक की पत्नी ने बताया कि कल रात दिलेश्वर घर आया और उसने शराब पी थी जिसके बाद दाे केले खाए जिससे उसकी छाती में दर्द उठा तो उसे अस्पताल ले जाया गया जहां रास्ते में एंबुलेंस में ही उसने दम तो दिया। इसके बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी और उसके भाई के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित