कांकेर, मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बुधवार को मुठभेड़ हुआ। यह मुठभेड़ तब शुरू हुआ जब संदिग्ध नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर पहुंचे संयुक्त सुरक्षा बलों पर नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी।

एसपी निखिल राखेचा से आज मिली जानकारी के अनुसार, डीआरजी और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम कोयलीबेड़ा के जंगलों में खोजी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी को आसपास नक्सलियों के होने की भनक लगी और जैसे ही बलों ने घेराबंदी शुरू की, नक्सलियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। सुरक्षाबलों द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, घटनास्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक, नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की कुछ सामग्री बरामद की है। माना जा रहा है कि नक्सलियों का एक छोटा दस्ता इलाके में सक्रिय है।

जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने पुष्टि किया कि कोयलीबेड़ा क्षेत्र में मुठभेड़ हुई है। फिलहाल पूरे इलाके में खोज अभियान जारी है और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर नाकाबंदी बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण के बढ़ते आंकड़ों से नक्सली चरमपंथी घबराए हुए हैं और वे सुरक्षा बलों पर दबाव बनाने की फिराक में हैं, लेकिन पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित