रायपुर , फरवरी 24 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश किए गए राज्य सरकार के बजट पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इस 'संकल्प बजट' में किसान, युवा, महिला, शिक्षा, स्वास्थ्य और आदिवासी बहुल क्षेत्रों को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया है।

आप के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, देवलाल नरेटी और अभिषेक मिश्रा ने संयुक्त रूप से बजट को 'आम आदमी के लिए निराशा' करार दिया। नेताओं ने कहा कि सरकार ने बजट में महज दिखावे के प्रावधान किए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले बजटों की तरह इस बार भी अनियमित कर्मचारियों, रसोइया संघ और बेरोजगार युवाओं की मांगों को अनसुना किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित