जगदलपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गुरुवार को यहां प्रेस वार्ता कर 17 मार्च को छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव किये जाने की घोषणा की। यह प्रदर्शन मनरेगा बचाओ, अवैध अफीम की खेती और गैस सिलिंडर के बढ़े दामों समेत कई मुद्दों को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ किया जाएगा।
श्री बैज ने कहा कि प्रदेश में जारी अफीम खेती के मामलों ने साफ कर दिया है कि वर्तमान सरकार के संरक्षण में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। उन्होंने दुर्ग जिले के भाजपा नेता विनायक ताम्रकार और बलरामपुर जिले में अफीम की खेती का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि इन घटनाओं में सरकार में बैठे लोगों की मिलीभगत है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट करने के बाद यह मामला उजागर हुआ था, जिसमें भाजपा नेता पर 10 एकड़ में अफीम उगाने का आरोप है ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दिनों विधानसभा में इस मुद्दे पर हंगामा हुआ और 29 कांग्रेस विधायकों को निलंबित किया गया, लेकिन बाद में निलंबन वापस ले लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग मामले में दर्ज एफआईआर में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को आरोपी नंबर तीन बनाकर उन्हें बचाने की कोशिश की गई, जबकि उनके नौकर को आरोपी नंबर एक बनाया गया।
गैस सिलिंडर के दामों पर श्री बैज ने कहा कि हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं पर भी लागू है। उन्होंने कहा, जब मनमोहन सिंह की सरकार में सिलेंडर 400 रुपये का था तब भाजपा सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करती थी, लेकिन आज जब दाम हजार के पार हैं, तब उनकी सरकार मौन है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा को बचाने का मुद्दा भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ग्रामीण इलाकों में मनरेगा के तहत काम नहीं मिल पा रहा है और मजदूरों को परेशानी हो रही है। 17 मार्च को विधानसभा घेराव के दौरान इन तीन मुख्य मुद्दों के अलावा राज्य के अन्य मुद्दों को भी उठाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित