रायपुर , मार्च 01 -- छत्तीसगढ़ में होली के रंग इस बार सियासी गलियारों में भी खूब चढ़े हैं, लेकिन यह रंग अबीर-गुलाल का नहीं, बल्कि आरोप-प्रत्यारोप का है। प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग ने त्योहार के मद्देनजर एक फाग गीत तैयार किया है, जिसमें विष्णुदेव साय सरकार पर तीखा प्रहार किया गया है।छह मिनट के इस गीत में राज्य सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को होली के पारंपरिक गीतों की शैली में पिरोया गया है। भाजपा ने भ्रष्टाचार पर "जीरो टॉलरेंस की नीति लागू होने की बात कही है।"गौरतलब है कि इस गीत की प्रेरणा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का वह फाग गीत माना जा रहा है, जिसे उन्होंने विधानसभा के मीडिया सेंटर में गुनगुनाया था। अब उसी अंदाज में कांग्रेस के संचार विभाग ने यह गीत तैयार कर सियासी समीकरणों में रंग घोल दिया है। गीत को प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला और उनकी टीम ने तैयार किया है, जिसे तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।

गीत के वीडियो में प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर नगाड़ा बजाते नजर आ रहे हैं, वहीं शिव सिंह ठाकुर ने दुपट्टा डाले महिला का किरदार निभाया है। संचार विभाग के सुशील ओझा, सुरेंद्र वर्मा समेत कई पदाधिकारी इस गीत में शामिल हैं, जो सरकार पर फाग-फाग गुलाल उड़ाते दिख रहे हैं। राज्य के कुछ मंत्रियों पर कांग्रेस भ्रष्टाचार का आरोप लगाती रही है। पूर्व मुख्यमंत्री के फाग गीत गाये जाने के बाद संचार विभाग की टीम कथित घोटालों को फाग गीत की शैली दे दी है।

कांग्रेस का आरोप है कि मंत्री ने एक महिला के लिए तीन करोड़ रुपये का बंगला खरीदा, जिसके साथ उनके कथित संबंध हैं। इसी तरह खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के मंत्री पर सात करोड़ रुपये के कथित धान घोटाले का है, जिसमें कांग्रेस ने संग्रहण कार्य के दौरान सूखत के नाम पर घोटाला किये जाने का आरोप लगाया है। राज्य के बालोद जिले में कुछ महीने पहले जंबूरी का आयोजन सम्पन्न हुआ है।

इस आयोजन को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल आमने-सामने आ गए थे। कांग्रेस का आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही एक ठेकेदार को टेंट लगाने का काम देकर वित्तीय अनियमितता बरती गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित