राजनांदगांव , दिसंबर 28 -- छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 800 तीर्थयात्रियों को रविवार को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन द्वारा तीर्थयात्रा के लिए रवाना किया गया। इस दल में राजनांदगांव जिले से 313, कबीरधाम जिले से 244, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले से 113 तथा मोहला- मानपुर- अम्बागढ़ चौकी जिले से 110 तीर्थयात्री शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 20 अनुरक्षक भी यात्रा दल के साथ रवाना हुए।

तीर्थयात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश एवं भारत माता मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। सभी यात्री 31 दिसंबर 2025 को वापस लौटेंगे। समाज कल्याण विभाग द्वारा सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के लिए गर्म कंबल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के सम्मान में पुष्पाहार एवं तिलक के साथ शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर आंचलिक नृत्य राउत नाचा की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई, जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित