रायपुर , फरवरी 04 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने सरकार द्वारा धान खरीदी की समय सीमा में केवल दो दिन का विस्तार किए जाने को अपर्याप्त बताते हुए इसे कम से कम 15 दिन और बढ़ाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अभी भी लाखों टन धान किसानों के पास बिकने की प्रतीक्षा में है।
श्री बैज ने बुधवार को कहा कि सरकार ने इस वर्ष 165 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा था, लेकिन खरीदी मात्र 139.85 लाख मीट्रिक टन ही हो पाई है। यह लक्ष्य से लगभग 25 लाख मीट्रिक टन कम है और पिछले वर्ष की तुलना में भी करीब 10 लाख मीट्रिक टन कम खरीद दर्ज की गई है। उन्होंने दावा किया कि आंकड़ों के अनुसार 2.5 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों का धान अभी तक नहीं बिक पाया है, जबकि लगभग 5 लाख किसानों का पंजीयन ही नहीं हो सका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित