कांकेर , जनवरी 25 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 18 जनवरी को मेले में हुए विवाद के बाद एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। जुर्म दर्ज होने के पांच दिन बाद आज रविवार को पुलिस ने उसका शव गंगरेल डैम के डूबान इलाके से बरामद किया है और चार नाबालिगों सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नरहरपुर ब्लॉक के देवीनवागांव में 18 जनवरी को मेले के दौरान झूले को लेकर स्थानीय युवकों और पड़ोस के बिरनपुर गांव के युवकों के बीच विवाद हुआ। बाद में बिरनपुर के कुछ युवक मामला सुलझाने के लिए महरगंज शोरी (पीड़ित) के साथ देवीनवागांव पहुंचे, जहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि देवीनवागांव के युवकों ने महरगंज को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसके शरीर में पत्थर बांधकर नाव से गंगरेल डैम के डूबान क्षेत्र में फेंक दिया।

युवक के घर न लौटने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। जांच में पुलिस को पीड़ित की बाइक लावारिस मिली। शक के आधार पर गांव के युवकों दिनेश जुर्री, युवराज जुर्री, टीवम नेताम, तोषण नेताम और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने युवक को डैम में फेंकने की बात स्वीकारी की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित