बीजापुर , जनवरी 28 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में कोतवाली पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के मार्गदर्शन में गठित तीन अलग-अलग टीमों ने 27 जनवरी को नगर के विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी की।

एसपी कार्यालय से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक,विजय नगर क्षेत्र से आरोपी पापैया गोनेट (47) के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। इसी तरह अटल आवास क्षेत्र से आरोपी सहजान खान (30) के पास से मादक नशीली गोलियां (टेबलेट) जब्त की गईं। दोनों आरोपियों के खिलाफ नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी मौजूद है।

उप पुलिस अधीक्षक सुदीप सरकार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद बीजापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा कारोबारियों के खिलाफ यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित