कोरबा , जनवरी 25 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित डिंगापुर और रामपुर के बीच स्थित एक बस्ती में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब सिविल लाइन थाना पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर एक मकान में छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं और तीन युवकों को संदिग्ध हालत में पकड़ा है। पूछताछ के बाद पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत उक्त बस्ती में स्थित एक मकान में लंबे समय से युवक-युवतियों का संदिग्ध आना-जाना बना हुआ था। स्थानीय बस्तीवासियों ने मकान से आए दिन गाली-गलौच, हंगामा और अव्यवस्थित गतिविधियों की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की थी। बताया जा रहा है कि इस कारण आसपास का माहौल लगातार खराब हो रहा था और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतिक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम ने आज उक्त मकान में दबिश दी। इस दौरान मकान के भीतर पांच महिलाएं और तीन युवक संदिग्ध स्थिति में पाए गए, जिन्हें हिरासत में लेकर थाना लाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित