सारंगढ़-बिलाईगढ़ , फरवरी 04 -- सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह में एक 22 वर्षीय युवक के साथ भीड़ द्वारा की गई बेरहमी और सार्वजनिक अपमान ने अंततः उसकी जान ले ली।
घटना के तीन सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपियों पर किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई न होने से परिजनों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी को कोसीर बाजार चौक के पास ग्राम कुम्हारी निवासी 22 वर्षीय मुरली मनोहर जांगड़े पर दो बोरी धान चोरी करने का आरोप लगाया गया। आरोप लगते ही धनसाय पटेल, बाबूलाल पटेल, डमरू पटेल सहित उनके अन्य साथियों ने युवक को पकड़कर सरेआम बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट के दौरान मौके पर पहुंचे मृतक के पिता पिरथी जांगड़े ने हाथ जोड़कर अपने बेटे को छोड़ने की गुहार लगाई। पिता ने यह भी कहा कि यदि बेटा दोषी है तो वह धान की कीमत दोगुनी चुका देंगे, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा और युवक को तब तक पीटा गया, जब तक वह शारीरिक और मानसिक रूप से टूट नहीं गया।
घटना के बाद मुरली मनोहर अपने पिता के साथ घर लौट आया। परिजनों के अनुसार, युवक गहरे सदमे में था। रात में मां के खाने के लिए बुलाने पर भी उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। देर रात जब पूरा परिवार सो गया, तब मुरली मनोहर खेत की ओर गया और पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों का कहना है कि चोरी का आरोप, सार्वजनिक अपमान और बेरहमी से की गई पिटाई के कारण मुरली मनोहर मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था, जिससे उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित