नागौर , दिसम्बर 23 -- केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के तहत चालू वित्त वर्ष के पहले बैच में तीन हजार 200 किलोमीटर से अधिक की 1216 सड़कों एवं एक पुल के लिए दो हजार 89 करोड़ रुपये के कार्यों का स्वीकृति पत्र सौंपा।
श्री चौहान ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नागौर जिले में मेड़ता के डांगावास गांव में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में श्री शर्मा को यह पत्र सौंपा। इस दौरान श्री चौहान एवं श्री शर्मा ने कृषक कल्याण योजनाओं के तहत 35 हजार 800 किसानों को 187.60 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में हस्तांतरित की। साथ ही, पांच लाख कृषकों को कृषि आदान अनुदान के रूप में 617 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि भी खातों में भेजी गयी।
उन्होंने मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत पांच लाख पशुपालकों को 150 करोड़ रुपये की राशि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 18 हजार 500 लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी की। इस दौरान नागौर जिले में भी 351 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में पीएमजीएसवाई के तहत किये जा रहे कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन तथा पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इससे पहले केन्द्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के विभिन्न खण्डों, विभिन्न कृषि संस्थानों एवं अन्य विभागों की स्टॉल्स पर कृषि उत्पादों एवं कृषि यंत्रों का अवलोकन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित