अजमेर , मार्च 08 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र अजमेर में लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
श्री चौधरी ने दिनभर चले कार्यक्रमों में क्षेत्र के कई गांवों और कस्बों का दौरा कर विकास कार्यों की सौगात दी तथा कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद किया। होली स्नेह मिलन कार्यक्रमों में उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ फूलों से प्राकृतिक होली खेली और रंगों के त्यौहार की शुभकामनाएं देते हुए सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उन्होंने न्यू हाउसिंग बोर्ड स्थित नामदेव भवन में सांसद मद से 10 लाख रुपए की लागत से बने कक्षा-कक्ष भवन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके बाद तिलोनिया में सांसद मद से पांच लाख रुपए की लागत से बने शहीद स्मारक का लोकार्पण किया गया। इसी तरह अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा स्वीकृत 7.45 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 से सरवाड़ी गेट चुंगी तिराहे तक सीसी सड़क निर्माण कार्य का मालियों की बाड़ी क्षेत्र में शिलान्यास किया गया।
श्री चौधरी ने कटसूरा में सांसद मद से पांच लाख रुपए की लागत से बस स्टैंड पर बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कटसूरा में सांसद मद से प्रत्येक पांच लाख रुपए की लागत से बने तीन सड़क निर्माण कार्य (15 लाख) का भी लोकार्पण किया गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा दो करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अराई में अटल गौरव पथ का लोकार्पण किया गया।
इसके बाद उन्होंने किशनपुरा में सांसद मद से पांच लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में चिकित्सा विभाग द्वारा 55-55 लाख रुपए की लागत से बने गुंदली, काकलवाड़ा और चौसला के उपस्वास्थ्य केंद्र भवनों का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त बालापुरा में सांसद मद से पांच लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन, सान्दोलिया में सांसद मद से 10 लाख रुपए की लागत से बने दो कक्षा-कक्ष निर्माण कार्य तथा काशीर में सांसद मद से पांच लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर इन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित