श्रीगंगानगर , मार्च 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़ तहसील क्षेत्र में एक निजी स्कूल में चौथी कक्षा के छात्रों से मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग की जांच समिति ने स्कूल प्रधानाचार्य को इस घटना का मुख्य दोषी ठहराते हुए स्कूल की मान्यता रद्द करने की सिफारिश की है।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि देवीलाल मेघवाल ने अनूपगढ़ थाने में 14 मार्च को प्राथमिकी दर्ज करायी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि चक 71-जीबी स्थित केएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक सुनील बिश्नोई ने उसके पुत्र को गृहकार्य पूरा न करने पर बेरहमी से पीटा। इसकी शिकायत करने उनके पास गये तो उन्हें धमकाकर भगा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक देवीलाल की रिपोर्ट पर तुरंत कार्रवाई की गयी और सुनील बिश्नोई तथा निशा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक जांच समिति गठित की। समिति ने विस्तृत जांच के बाद प्रधानाचार्य सुनील बिश्नोई को मुख्य रूप से दोषी ठहराया है। समिति ने स्कूल की मान्यता भी रद्द करने की सिफारिश की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित