जौनपुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले स्थित मां शीतला चौकिया धाम में वासंतिक नवरात्रि के चौथे दिन रविवार को भक्तों ने मां कूष्मांडा स्वरूप में दर्शन-पूजन किया।

नवरात्र के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा की जाती है, जिन्हें सृष्टि की रचना करने वाली देवी माना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पीले वस्त्र धारण कर माता को मालपुआ, हलवा-दही सहित विभिन्न भोग अर्पित किए और 'ॐ कूष्मांडायै नमः' मंत्र का जाप किया। मान्यता है कि इस दिन पूजा करने से सुख, समृद्धि और आरोग्य की प्राप्ति होती है।

प्रातःकाल ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर के कपाट खुलने के बाद महंत विवेकानंद पांडा ने विधि-विधान से आरती-पूजन कर भव्य श्रृंगार किया। पूरे परिसर में दुर्गा सप्तशती पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और घंटों की गूंज से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने मुंडन संस्कार, कढ़ाही पूजन सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर मां के चरणों में मत्था टेककर सुख-शांति, समृद्धि और वैभव की कामना की। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने पास स्थित काल भैरवनाथ और मां काली मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर में पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा, जबकि देर शाम तक श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित