अलवर , अप्रैल 05 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे के कारोठ मार्ग स्थित एक निजी विद्यालय में शनिवार रात चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी से करीब दो लाख रुपये की नगदी चुरा ली। विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश सैन ने रविवार को बताया कि वह आज सुबह करीब साढ़े छह बजे पानी की मोटर चलाने के लिए विद्यालय भवन में आए तो विद्यालय के पीछे का और कार्यालय का दरवाजा खुला हुआ था। कार्यालय में सारा सामान बिखरा हुआ था इसके साथ ही अलमारी का ताला टूटा हुआ था और अलमारी में रखी करीब दो लाख रुपये की नगदी गायब मिली थी, जो विद्यालय के स्टाफ के वेतन भुगतान के लिए थी।
घटना को अंजाम देने से पहले अज्ञात चोर ने विद्यालय के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिये थे। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित