भीलवाड़ा , जनवरी 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पुराने बापूनगर में मंगलवार रात चोरों ने प्रसिद्ध सिंदूरी बालाजी मंदिर के ताले तोड़कर दान पात्र से नकदी साफ कर दी और पास ही स्थित एक चाय के खोखे को भी अपना निशाना बनाया।

मंदिर के पुजारी प्रहलाद शर्मा ने बुधवार को बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो वहां मंदिर का मुख्य ताला टूटा मिला। अंदर रखा दान पात्र भी टूटा मिला। चोरों ने दान पात्र से करीब 12 हजार रुपये की नकदी चुरा ली और खाली दान पेटी को मंदिर के पीछे फेंक कर फरार हो गये।

चोर मंदिर के पास ही चाय के खोखे के ताले तोड़कर गल्ले में रखी चिल्लर और नकदी सहित करीब 10 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गये हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित