बैतूल , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।

प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार को बताया कि हाल के दिनों में नगर में मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने इन घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की, ताकि नागरिकों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास बना रहे।

भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

इस अवसर पर नगर मंडल महामंत्री एवं एल्डरमैन निलेश चावरिया, एल्डरमैन राजू चौबे, प्रीतम सिंह सिसोदिया, बीना पंजाबी, महामंत्री राघवेंद्र रघुवंशी, पूर्व पार्षद श्रवण नागले और कार्यकर्ता मनोज उइके सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने आश्वस्त किया कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित