कोलकाता , मार्च 17 -- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के तेज गेंदबाज हर्षित राणा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के अधिकतर मैचों से बाहर रह सकते है। हर्षित राणा इस समय फरवरी में हुई घुटने की सर्जरी से उबर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का चिकित्सा दल ने अभी तक उनकी वापसी की कोई तारीख तय नहीं की है। आईपीएल का 28 मार्च से 19वें सीजन का आगाज होने जा रहा है।
राणा को टी-20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान घुटने में खिंचाव आ गया था, वह इस समय रिहैब कर रहे हैं। अगर राणा पूरे आईपीएल सीजन में नहीं खेल पाते हैं तो यह लगातार दूसरा बड़ा टूर्नामेंट होगा जिसमें वह खेलने से चूक जाएंगे। राणा को रविवार को सर्वश्रेष्ठ नवोदित खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
केकेआर के पास पहले ही मुस्तफिज़ुर रहमान नहीं हैं, जिन्हें दिसंबर-जनवरी में भारत और बंगलादेश के भू राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच बीसीसीआई ने केकेआर से रिलीज करने के लिए कहा था। केकेआर के पास मुस्तफिज़ुर के रिप्लेसमेंट के तौर पर किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करने की अनुमति थी इसलिए उन्होंने ब्लेसिंग मुजारबानी को हाल ही में अपने साथ जोड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित