कोलकाता , मार्च 25 -- कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले बड़ा बदलाव करते हुए चोटिल तेज गेंदबाज हर्षित राणा की जगह नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया है।
नवदीप सैनी 75 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ इस समय टीम के साथ जुड चुके हैं। केकेआर 29 मार्च को अपना पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
टीम से जुड़ने के बाद सैनी ने कहा, "पिछले कुछ साल मेरे लिए उतार चढ़ाव भरे रहे हैं, लेकिन यह मौक़ा मेरे लिए काफ़ी अहम है। मैं इसके लिए लगातार मेहनत कर रहा था।"सीजन की शुरुआत से पहले ही केकेआर के तेज गेंदबाजो पर चोट का असर पड़ा है। हर्षित राणा के अलावा आकाश दीप भी चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
इस बीच गुजरात टाइटंस में कुलवंत खिजरौलिया ने अपने साथी अनकैप्ड बाएं हाथ के चोटिल तेज गेंदबाज पृथ्वी राज यारा की जगह ली हैं। खिजरौलिया 30 लाख रुपये में टीम से जुड़े हैं। वह पिछले सीजन में भी गुजरात टाइटंस का हिस्सा थे। उन्होंने एक मैच खेला था, जिसमें तीन ओवर में 29 रन देकर एक विकेट लिया था। उन्होंने 2018 और 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए पांच मैच खेले हैं, जबकि 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए दो मुकाबलों में भी हिस्सा लिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित