ऋषिकेश , मार्च 19 -- चैत्र नवरात्रि और नव सम्वत वर्ष के उपलक्ष्य में उत्तराखंड की तीर्थनगरी ऋषिकेश में गुरुवार को जानकी झूला स्थित पूर्णानंद घाट में "ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट" की महिलाओं ने विशेष गंगा आरती की।
पिछले पांच वर्षों से "सबका साथ हो, गंगा साफ हो" संकल्प के साथ पूर्णानंद घाट पर चल रही महिला गंगा आरती के प्रणेता और ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ज्ञानी ने कहा कि गंगा आरती का उद्देश्य ही सनातन आस्था को बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार काम करना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने इस आरती का आयोजन इसलिए किया, ताकि लोग धार्मिक अनुभव के साथ-साथ सुविधा और सहजता से इसका आनंद ले सकें और सभी श्रद्धालु जन आरती कर सकें। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का ध्यान सिर्फ आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित और आरामदायक पूर्णानंद घाट पर आरती में भाग ले सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित