हैदराबाद , फरवरी 13 -- तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने शुक्रवार को कहा कि चुनाव ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों और सरकारी अधिकारियों के साथ हिंसा, धमकी या गलत व्यवहार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
श्री रेड्डी ने कहा कि अधिकारी और पुलिस कर्मचारी नियमों के अनुसार चुनाव को सुचारू रूप से कराने के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं, और उनके साथ दुर्व्यवहार, बाधा डालने या हमला करने की किसी भी कोशिश को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है चाहे वह जनप्रतिनिधि हों, उम्मीदवार हों, या राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता हों और अगर अपनी ड्यूटी कर रहे अधिकारियों को रोका जाता है तो कानून अपना काम करेगा।
श्री रेड्डी ने कहा कि राजनीतिक जुड़ाव या प्रभाव की परवाह किए बिना, चुनाव ड्यूटी पर सरकारी या पुलिस कर्मियों के खिलाफ गैरकानूनी काम करने वालों को गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि अगर कोई शिकायत है, तो उसे राज्य चुनाव आयोग या वरिष्ठ अधिकारियों के पास दर्ज कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने पर सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि ज़िले के पुलिस अधीक्षक और पुलिस आयुक्त को पुलिस और सरकारी कर्मचारी पर हमलों के लिए पहले से दर्ज मामलों की जांच में तेज़ी लाने और बिना देर किए आगे की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने राजनीतिक नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से वोटों की गिनती के दौरान चुनाव अधिकारियों के साथ सहयोग करने और तय नियमों का सख्ती से पालन करने की भी अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित