लखनऊ , मार्च 16 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर अधिसूचना लागू होने के बाद चुनाव आयोग द्वारा वहां के डीजीपी, पुलिस कमिश्नर सहित एडीजी लॉ एंड ऑर्डर को हटा दिया गया है।इस मसले को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि जब भी किसी राज्य में चुनाव होता है और वहां भाजपा की सरकार नहीं होती, तो सबसे पहले वहां के चीफ सेक्रेटरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को हटा दिया जाता है।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश में ऐसा क्यों नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनाव के दौरान कभी भी डीजीपी को नहीं हटाया गया, जबकि कई बार चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की गई थी। उन्होंने पूछा कि जिन अधिकारियों के परिवार के लोग खुद चुनाव लड़ रहे थे, क्या उन्हें पद से हटाया गया?सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि पूरा देश जानता है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और उसकी कार्रवाई भी उसी के अनुरूप दिखाई देती है। इसके साथ ही उन्होंने महंगाई और गैस सिलेंडर के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जो लोग जनता को गैस सिलेंडर तक उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, वे देश को दुनिया में आगे ले जाने की बात कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित