कोलकाता , मार्च 27 -- चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारियों के बीच तबादलों का सिलसिला जारी रखते हुए विभिन्न चुनाव क्षेत्रों में नियुक्त 14 रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) को बदल दिया है।
ये सभी अधिकारी अपनी नियुक्ति के मात्र पांच दिन बाद ही हटाए गए हैं, जिससे आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।
इस सप्ताह की शुरुआत में आयोग ने 20 जिलों के 73 चुनाव क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की थी, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट भी शामिल थी।
सुश्री बनर्जी ने भवानीपुर में आरओ के रूप में नंदीग्राम के बीडीओ सूरजित रॉय की नियुक्ति को लेकर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि श्री रॉय के सुवेंदु अधिकारी से संबंध हैं और इस संबंध में आयोग को औपचारिक शिकायत भी दी थी।
चुनाव आयोग ने गुरुवार देर रात किए गए ताजा फेरबदल में राज्य के नौ जिलों के 14 अधिकारियों को हटा दिया। ये सभी अधिकारी पिछले सोमवार को ही नियुक्त किए गए थे, जिससे पांच दिन के भीतर उनका हटाया जाना एक असामान्य प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
सबसे अधिक बदलाव पूर्वी मेदिनीपुर जिले में हुए हैं, जहां पांच चुनाव क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारियों को बदला गया है। इसके अलावा आयोग ने नौ अन्य चुनाव क्षेत्रों में नए आरओ की नियुक्ति भी की है, जहां पहले नियुक्ति नहीं की गई थी।
इनमें नंदीग्राम जैसे हाई-प्रोफाइल सीट भी शामिल है, जिसका प्रतिनिधित्व विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी करते हैं। इस सीट के लिए पूर्वी मेदिनीपुर जिला परिषद के उप सचिव राजर्षि नाथ को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि सभी नव-नियुक्त अधिकारी शुक्रवार शाम पांच बजे तक अपना कार्यभार ग्रहण करें। जिन चुनाव क्षेत्रों में आरओ बदले गए हैं उनमें जलपाईगुड़ी, भरतपुर, बदूरिया, जादवपुर, जगतबल्लवपुर, पुरसुरा, मोयना, नंदकुमार, हल्दिया, कांथि दक्षिण, एगरा, खड़गपुर, दासपुर और सोनामुखी शामिल हैं।
इसी तरह, फांसीदेवा, हरिहरपाड़ा, करिमपुर, खानाकुल, नंदीग्राम, केशियाड़ी, बिनपुर, रायपुर और बर्धमान दक्षिण में नयी नियुक्तियां की गयी हैं।
इस बीच, विवाद के चलते आयोग ने मुख्य सचिव से तीन अधिकारियों के नामों का पैनल मांगा था, जिसके बाद यह फेरबदल किया गया। उल्लेखनीय है कि भवानीपुर इस ताजा सूची में शामिल नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित