नयी दिल्ली , फरवरी 13 -- चुनाव आयोग ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया और उसके बाद कराये जाने वाले विधान सभा के आम चुनावों के लिए अलग-अलग दो विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।

आयोग के अधिकारियों ने बताया कि तमिलनाडु के लिए भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी प्रताप सिंह को और भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एनके मिश्रा को पश्चिम बंगाल के लिए आयोग का विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

श्री सिंह और श्री मिश्रा को नियुक्ति पत्र आज जारी किये गये। उन्हें इन राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों के साथ समन्वय बना कर अपना काम करने को कहा गया है। इन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 13सीसी के तहत की गयी है। वे आयोग के नियंत्रण, अधीक्षण और अनुशासन के अंतर्गत रहते हुए आयोग के पर्यवेक्षक के तौर पर अपना कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित