चेन्नई , अप्रैल 10 -- निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए चेन्नई सिटी पुलिस कमिश्नर ए. अरुण का तबादला करते हुए उनकी जगह एडीजीपी (प्रवर्तन ब्यूरो) अभिन दिनेश मोदक को चेन्नई का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त कर दिया।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि ए. अरुण को चुनाव से संबंधित किसी भी कार्य में शामिल नहीं किया जाएगा। यह तबादला अभिनेता विजय की पार्टी 'टीवीके' सहित अन्य राजनीतिक दलों द्वारा की गई शिकायतों के बाद आया है, जिसमें चुनाव अभियान के दौरान कड़े प्रतिबंध लगाने के आरोप लगाए गए थे। अभिन दिनेश मोदक ने शुक्रवार रात को ही अपना पदभार ग्रहण कर लिया।

उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग इससे पहले तमिलनाडु के मुख्य सचिव एन. मुरुगानंदन और पुलिस महानिदेशक सहित कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों का भी तबादला कर चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित