नयी दिल्ली , मार्च 23 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्यसभा सांसद संदोष कुमार पी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाया है और आयोग के दस्तावेज पर भारतीय जनता पार्टी की मुहर पाये जाने के मामले की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

श्री संदोष कुमार ने सोमवार को इस संबंध में आयोग को पत्र लिख कर कहा कि आयोग के एक आधिकारिक दस्तावेज पर भारतीय जनता पार्टी की मुहर पाई गयी, जिसे "लिपिकीय त्रुटि" बताकर टाल दिया गया। उन्होंने पत्र में केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पर पुराने दिशा-निर्देश प्रसारित करने का भी आरोप लगाया गया है।

श्री संदोष कुमार ने इसे प्रशासनिक लापरवाही से आगे बढ़कर संस्थागत विश्वसनीयता पर आघात बताया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस मामले की तत्काल निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई, जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त उपाय लागू करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित